हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने डॉक्टर को धमकाया

ग्वालियर।

ग्वालियर में एक बदमाश ने क्लिनिक में घुसकर डॉक्टर को धमकाया। अपशब्द कहते हुए सीने पर चाकू अड़ा दिया। जान बचाने डॉक्टर दौड़ते हुए क्लिनिक से बाहर की तरफ भागे तो बदमाश भी पीछा करने लगा। धमकाने वाले बदमाश पर हत्या सहित 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना बुधवार और गुरुवार को तेजी की बजरिया डॉ. केके गुप्ता की क्लिनिक पर हुई।

मामले का वीडियो भी शुक्रवार को सामने आया है। डॉक्टर ने मामले की शिकायत कंपू थाना में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।शहर में पत्तल वाली गली गुब्बारा फाटक निवासी कमल किशोर गुप्ता आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं। बीते 2 दिन में एक बदमाश ने उनकी क्लिनिक में घुसकर दो बार हंगामा किया और रंगदारी दिखाई। डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि, दो दिन पहले वह क्लिनिक पर मरीज देख रहे थे।

तभी विवेक शर्मा आया और रंगदारी दिखाने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट करने का प्रयास किया। पेशेंट के सामने अपशब्द कहें। इतना ही नहीं अगले दिन फिर विवेक आया और क्लिनिक में डॉक्टर के सीने पर चाकू अड़ा दिया।

डॉक्टर कमल किशोर गुप्ता ने बताया कि विवेक शर्मा हिस्ट्रीशीटर है। एक हत्या के मामले में भी उसका नाम आया था। उसने मेरे सीने पर चाकू अड़ा दिया। मैं क्लिनिक से बाहर की तरफ भागा और अपनी जान बचाई। बदमाश काफी देर तक चाकू लेकर मेरा पीछा करता रहा। मामले की शिकायत कंपू थाना में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी तक नहीं पकड़ा गया है।टीआई कंपू अमित शर्मा का कहना है-डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी फरार है जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।