ग्वालियर।
शहर की सभी पार्क हरे भरे एवं साफ व स्वच्छ रहें तथा सभी प्रमुख मार्गों के डिवाइडर हरियाली से परिपूर्ण हों। यह संबंधित पार्क पर्यवेक्षक सुनिश्चित करें। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने पार्क विभागीय समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने शहर में निगम द्वारा संचालित एवं संधारित पार्कों की जानकारी ली। जिसमें अधिकारियों द्वारा बताया गया कि शहर निगम द्वारा संचालित 99 विकसित पार्क हैं। इसके साथ ही अन्य 7 पार्कों का संचालन आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा है। जिसकी समय सीमा समाप्त होने वाली है। इसको लेकर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रथम चरण में 99 विकसित पार्क में जो भी कार्य होने हैं। उनकी एक सूची बनाकर दें, जिसमें हॉर्टिकल्चर कार्य पार्क विभाग द्वारा तथा सिविल कार्य, जल प्रदाय एवं साफ सफाई तथा विद्युत व्यवस्था आदि से संबंधित कार्यों के लिए एक विस्तृत आदेश निकाला जाए। जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, जिससे कार्य तय समय सीमा में हो सके। इसके साथ ही आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से संचालित पार्कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाए। साथ ही सभी विकसित पार्कों में पार्क सुपरवाइजर के नम्बर लिखवाए जाऐं तथा पार्कों की व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कर्मचारियों का युक्तियुक्तकरण किया जाए।